मेडागास्कर में चक्रवात से छह की मौत, हजारों बेघर

एंटानानारिवो, 7 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्वी अफ्रीकी देश मेडागास्कर में आए प्रचंड चक्रवात से छह लोगों की मौत हो गयी है। चक्रवात से हजारों लोग बेघर हुए हैं। कई शहर तो पूरी तरह तबाह हो गए हैं।

मेडागास्कर की राजधानी एंटानानारिवो से 530 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में 235 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से आए प्रचंड चक्रवात ने मनंजरी जिले पर सीधा हमला किया। इस कारण मनंजरी बुरी तरह तबाह हो गया। घरों की छतें उड़ गयीं और हजारों की संख्या में लोग बेघर हो गए। मनंजरी और आसपास के कस्बों मराकारा और नोजी वरिका के निवासियों का कहना था कि चक्रवात के कारण उत्पन्न स्थितियां भवावह थीं। उन लोगों ने अपने पूरे जीवन में इन स्थितियों का सामना नहीं किया है। चक्रवात के कारण भारी नुकसान हुआ है। लोगों के घरों की छतें उड़ गईं, तमाम घर जमींदोज हो गए,पेड़ गिर गए और बिजली के खंभे उखड़ गए।

मेडागास्कर के उपराष्ट्रपति के तकनीकी सलाहकार विली रहरिजाओना ने बताया कि नोसी वरिका शहर तो 95 प्रतिशत से अधिक तबाह हो चुका है। पक्के घरों की छतें कागजों की तरह हवा उड़ा ले गयी। लकड़ी की झोपड़ियां तो पूरी तरह ध्वस्त ही हो गयीं। इस बीच देश की डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी ने दावा किया है कि 48 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर आपातकालीन आवास सुनिश्चित कराए गए हैं। चक्रवात के कारण लोगों को शुद्ध पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लोग भोजन बनाने के लिए भी गंदे पानी का उपयोग करने को विवश हैं। चिकित्सकों ने डायरिया फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *