Ashwini Vaishnav : सोशल मीडिया इकोसिस्टम बनाने के लिए आम सहमति बनाने की जरूरत : अश्विनी वैष्णव

नई दिल्ली, 04 फरवरी (हि.स.)। केन्द्रीय इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि केन्द्र सरकार सोशल मीडिया को लेकर सख्त नियम बनाने के लिए तैयार है। हमें एक जवाबदेह सोशल मीडिया इकोसिस्टम बनाने के लिए आम सहमति बनाने की जरूरत है।

वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि साइबर स्पेस (डिजिटल) में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया कंपनियों को जवाबदेह बनाना होगा। राज्यसभा में उन्होंने बुल्ली बाई एप पर एक सवाल का जवाब देते कहा कि सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाना जरूरी है।

वैष्णव ने राज्यसभा में बताया कि सरकार सोशल मीडिया कंपनियों को जवाबदेह बनाने और इंटरनेट पर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त नियम बनाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि हम जब भी सोशल मीडिया को नियमित करने की कोशिश करते हैं तो विपक्ष कहता है कि अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला हो रहा है। हमें एक जवाबदेह सोशल मीडिया इकोसिस्टम बनाने के लिए आम सहमति बनाने की जरूरत है जहां महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें।

वैष्णव ने जोर देकर कहा कि सरकार ने बुल्ली बाई जैसे प्रयासों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि यह धर्म के बारे में नहीं बल्कि महिलाओं की सुरक्षा के बारे में है और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *