Navy : पिछले साल के वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से सम्मानित किये गए नौसैनिक

नई दिल्ली, 03 फरवरी (हि.स.)। पिछले साल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर घोषित वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से गुरुवार को नौसेना कर्मियों को सम्मानित किया गया। सैन्य बलों के सर्वोच्च कमांडर और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ओर से नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने वीरतापूर्ण कार्य, नेतृत्व, पेशेवर उपलब्धियों और उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा का प्रदर्शन करने वाले नौसेना कर्मियों को सम्मानित किया।

नई दिल्ली के वरुणिका ऑडिटोरियम (आईएनएस इंडिया) में नौसेना कर्मियों को सम्मानित करने के लिए नौसेना अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर कुल 14 पदक दिए गए जिसमें दो नौ सेना पदक (वीरता), पांच नौ सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), पांच विशिष्ट सेवा पदक (लंबी मेधावी सेवा), एक उत्तम जीवन रक्षा पदक और एक जीवन रक्षा पदक (साहस और आत्म-बलिदान के कार्यों के लिए) शामिल हैं।

यह आयोजन पारंपरिक रूप से भारतीय नौसेना के सभी पुरस्कार विजेताओं के लिए एक औपचारिक परेड के रूप में आयोजित किया जाता है। मौजूदा कोरोना महामारी को देखते हुए नौसेना की प्रत्येक कमान में स्थानीय स्तर पर नौसेना अलंकरण समारोह आयोजित किये जा रहे हैं। पुरस्कार समारोह में भारतीय नौसेना के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों, पत्नियों और पुरस्कार विजेताओं के परिवारों की सीमित संख्या देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *