Rahul Gandhi : राहुल गांधी बताएं छत्तीसगढ़ से वादाखिलाफी क्यों हुई : भाजपा

रायपुर, 02 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव के बाद लंबे समय से छत्तीसगढ़ नहीं आए। अब प्रदेश बहुत पीछे चला गया है। क्या राहुल गांधी अपनी राज्य सरकार को फटकार लगाने की हिम्मत दिखाएंगे? उन्होंने कहा है कि राहुल बताएं कि छत्तीसगढ़ की जनता के साथ वादाखिलाफी क्यों की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के शासन में हजारों महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ है। क्या राहुल गांधी किसी से मिलने जाएंगे? छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने यूपी में 50- 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया था और छत्तीसगढ़ में 550 किसानों ने आत्महत्या की है, क्या वह सरकार को उन्हें मुआवजा देने कहेंगे? चुनाव के पहले कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी होते वक़्त राहुल गांधी ने कहा था वादे पूरे करने के लिए छत्तीसगढ़ की राज्य सरकार जनता व केंद्रीय नेतृत्व के प्रति जिम्मेदार होगी। 36 प्रमुख वादों में कांग्रेस ने तीन वर्षो में 26 वादे पर काम ही शुरू नहीं किया क्या वो सरकार को बर्खास्त करेंगे? प्रदेश में कांग्रेस के अंदर चल रही भारी राजनीति का प्रभाव जनता तक पड़ रहा है। पहले मुख्यमंत्री पद की लड़ाई,अब टीएस बाबा का यह कहना कि राहुल गांधी के आने पर मेरी छवि खराब करने की कोशिश हो रही है, राहुल इस लड़ाई के लिए किसे जिम्मेदार मानते है? छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र बना दिया गया है, यहां से छत्तीसगढ़ के लोगों के हितों की बात कम और केंद्र सरकार पर आरोप -प्रत्यारोप ज्यादा होता है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। क्या राहुल गांधी यहां की सत्ता का दुरुपयोग बंद करायेंगे या यह उन्हीं के कहने पर हो रहा है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *