कस्तूरबा नगरकांड: डीसीडब्ल्यू ने पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की

नई दिल्ली, 02 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बुधवार को कस्तूरबा नगर गैंग रेप मामले में दिल्ली पुलिस को तलब कर पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा देने की मांग की। डीसीडब्ल्यू को इस घटना की सूचना पिछले हफ्ते दी गई थी जब दिल्ली के कस्तूरबा नगर इलाके में एक 20 वर्षीय लड़की का अपहरण कर सामूहिक बलात्कार किया गया, जिसके बाद अपराधियो ने पूरे मोहल्ले में पीड़िता को मुंह पर कालिख पोत और गले में जूतों का हार पहना कर घुमाया और मारपीट की थी।

पीड़िता द्वारा ये भी पता चला था की इस शर्मनाक घटना और दरिंदगी को अंजाम देने वाले अपराधी अवैध शराब और ड्रग्स का धंधा करते हैं। घटना के तुरंत बाद ही मालीवाल ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर पीड़िता को तत्काल सुरक्षा देने और इस दरिंदगी भरे कृत्य में शामिल सभी लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।

जवाब में दिल्ली पुलिस ने नाबालिगों समेत 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया और मामले की आगे की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। लेकिन पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए किए जा रहे उपायों का ब्योरा दिल्ली पुलिस द्वारा डीसीडब्ल्यू को अभी तक प्रदान नहीं किया गया है।

इसके अलावा डीसीडब्ल्यू ने पुलिस से पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मांगा था जो भी डीसीडब्ल्यू को उपलब्ध नहीं कराया गया है। पीड़िता को तुरंत मदद पहुंचाने हेतु मालीवाल ने उससे मुलाकात की जिसमें पीड़िता ने आरोपितों की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए अपनी और अपने परिवार वालों के जीवन के लिए खतरा व्यक्त किया। यही नहीं बल्कि हाल ही में पीड़िता की छोटी बहन को भी प्रताड़ित किया गया जिस मामले में पुलिस ने एफआइआर भी दर्ज करी।

वहीं डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने समन जारी करते हुए कहा, “यह मामला सबसे भयानक मामलों में से एक है। दिल्ली पुलिस को मामले में गहन जांच करनी चाहिए ताकि आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाई की जा सके। पीड़िता घटना के कारण गहरे सदमे में हैं पर मैं ये बात स्पष्टता से कहती हूं की ये लड़की बेहद बहादुर लोगों में से एक है । डीसीडब्ल्यू उसकी सुरक्षा और पुनर्वास सुनिश्चित करने हेतु निरंतर काम और प्रयास करता रहेगा।”