नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संस्कृत की महान विभूति महामहोपाध्याय पं. रेवा प्रसाद द्विवेदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। काशी के प्रकांड विद्वान महामहोपाध्याय पंडित रेवा प्रसाद द्विवेदी का शुक्रवार रात निधन हो गया। वह 90 साल के थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, संस्कृत की महान विभूति महामहोपाध्याय पं. रेवा प्रसाद द्विवेदी जी के निधन से अत्यंत दुख पहुंचा है। उन्होंने साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में कई प्रतिमान गढ़े। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!