संघ का ध्यान सहायता पर केन्द्रित, केन्द्र और राज्य भी कर रहे हर संभव प्रयास : सुनील आंबेकर

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का कहना है कि संगठन का पूरा ध्यान वर्तमान में लोगों को मदद पहुंचाने पर केन्द्रित है और राज्य व केन्द्र सरकार पूर्ण क्षमता से काम कर रही है। संघ के स्वयंसेवक देशभर में अभी 12 सेवा कार्य संचालित कर रहे हैं, जिसमें कोविड हेल्पलाइन भी शामिल है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने गुरुवार को वर्चुअल प्रेसवार्ता आयोजित कर संघ की ओर से कोविड महामारी की दूसरी लहर के दौरान चलाए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक भी समाज के अन्य वर्गों की ही तरह सेवा कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में कुछ तरह की सहायता संघ के स्वयंसेवक समाज तक पहुंचा रहे हैं और इन्हें धीरे-धीरे विस्तार देने की कोशिश की जा रही है।

आंबेकर ने बताया कि संघ इस समय 12 प्रकार की सेवाएं दे रहा है। इसमें पृथकवास केन्द्र चलाना, कोरोना केयर सेंटर चलाना, लोगों को भोजन देना, सरकारी अस्पतालों व कोविड केन्द्रों में प्रशासनिक कार्यों में सहायता देना, हेल्पलाइन चलाना, डॉक्टरी परामर्श दिलाना, काढ़ा व अन्य जरूरी परामर्श देना और वैक्सीन जागरूकता अभियान आदि शामिल है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र कुमार व अलोक कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *