नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि सशक्त व आधुनिक पंचायतें आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं।
शाह ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, “ ‘राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस’ की शुभकामनाएं! सशक्त व आधुनिक पंचायतें आत्मनिर्भर भारत की नींव है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने गरीब व किसान कल्याण को समर्पित अपनी नीतियों से पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त व आधुनिक बनाकर गांवों के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई दिशा दी है।”
प्रत्येक साल 24 अप्रैल को पूरे देश में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाता है। ये दिन भारतीय संविधान के 73वें संशोधन अधिनियम, 1992 के पारित होने का प्रतीक है, जो 24 अप्रैल 1993 से लागू हुआ था। इस दिन को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत साल 2010 से हुई थी।
जबकि पंचायती राज व्यवस्था की देखरेख के लिए 27 मई 2004 को पंचायती राज मंत्रालय को एक अलग मंत्रालय बनाया गया था।