महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना वायरस से संक्रमित, ऑक्सीजन स्तर स्थिर

रांची,21 अप्रैल (हि.स.)।  पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। रांची के पल्स सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में धोनी के माता-पिता का इलाज चल रहा है।

अस्पताल ने एक बयान में कहा, “क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी के माता-पिता का कोविड-19 टेस्ट सकारात्मक आने के बाद उन्हें यहां भर्ती कराया गया है। उनका ऑक्सीजन स्तर स्थिर है।”

बता दें कि धोनी वर्तमान में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का नेतृत्व कर रहे हैं। सीएसके की टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपने मैच खेल रही है। अपने अगले दो मैचों के पूरा होने के बाद, टीम टूर्नामेंट के अगले चरण के लिए दिल्ली चली जाएगी।

सीएसके ने अब तक खेले गए तीन मैचों में से दो मैचों में जीत हासिल की है और आज शाम टीम का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।

बता दें कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड सरकार ने मंगलवार को 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक राज्य में लॉकडाउन लगा दिया है।

लॉकडाउन के दौरान, आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे लेकिन श्रद्धालुओं का जमावड़ा नहीं होने दिया जाएगा। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान कृषि, निर्माण, औद्योगिक और खनन गतिविधियों की अनुमति होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *