सुलतानपुर : दो पक्षों के विवाद में तीन घायल, पुलिस जांच में जुटी

सुलतानपुर,17 अप्रैल (हि.स.) तेरहवीं भोज कार्यक्रम में दो पक्षों के विवाद में ब्लंट हथियार से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गयी है। 

 पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि शुक्रवार की देर रात थाना गोसाईगंज के अंतर्गत ग्राम पूरेजीत सिंह के पुरवा निवासी रामप्रवेश सिंह पुत्र स्व० भगवान बक्स सिंह के पिता की तेरहवीं का कार्यक्रम था। इसमें आमंत्रित पंच बहादुर सिंह, रणविजय सिंह, मान सिंह उर्फ मोनू निवासीगण महमूदपुर अपने साथियों के साथ आये थे। वहां पर पूरे जीतसिंह पुरवा निवासी देशराज सिंह भी निमंत्रण में आये थे। भोज कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गये, जिसमें देशराज सिंह, राम प्रवेश सिंह एवं अंकित सिंह को ब्लंट हथियार से साधारण प्रकृति की चोटें आई हैं। घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया है।
 उन्होनें बताया कि घटना के संबंध में घायलों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर प्राप्त कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। घटना के उत्तरदायी व्यक्तियों को चिन्हित करने हेतु टीम गठित की गई है। कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। मौके पर क्षेत्राधिकारी सहित प्रभारी निरीक्षक गोसाईगंज मौजूद है। विधिक कार्यवाही की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *