अगरतला, 27 नवंबर: पिछले पांच वर्षों में अगरतला नगर निगम के तहत मेयर दीपक मजूमदार के नेतृत्व में विभिन्न विकास कार्यों को लागू किया गया है। इसी विकास के आधार पर आगामी नगर निकाय चुनाव में नगर निगम के सभी 51 वार्डों में भाजपा उम्मीदवारों की जीत होगी। यह दावा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने किया।
मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार, राज्य में मुख्यमंत्री प्रोफेसर (डॉ.) माणिक साहा के नेतृत्व वाली सरकार तथा नगर निगम और नगर पंचायतों के समन्वय से त्रिस्तरीय सरकार आम लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू कर रही है।
उन्होंने कहा कि गरीबों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। विशेष रूप से अगरतला नगर निगम क्षेत्र के निवासियों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और नागरिक सेवाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से पिछले पांच वर्षों में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
राजीव भट्टाचार्य ने दावा किया कि इन विकास कार्यों के कारण लोगों में भाजपा के प्रति उत्साह और सकारात्मक माहौल है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में विपक्षी दलों के उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो जाएगी।
