गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स.)। असम में रक्षा विनिर्माण क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलने जा रहा है। राज्य में भारत द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली प्रमुख मिसाइलों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि जागीरोड में डिफेंस पार्क स्थापित करने की योजना है। इसके लिए सरकार ने करीब 6000 बीघा जमीन आवंटित की है। यह परियोजना जागीरोड स्थित सेमीकंडक्टर परियोजना के सामने विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री बुधवार काे एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों काे यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के निर्माण में समय लगेगा, लेकिन राज्य सरकार ने इस दिशा में एक सपना देखा है और इसे साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी बीच, राज्य के औद्योगिक क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत रंगिया के तुलसीबाड़ी में एकीकृत रक्षा उपकरण निर्माण एवं उन्नत प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना का भूमि पूजन किया।
सरकार ने इस परियोजना के लिए तुलसीबाड़ी स्थित एआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में 15 एकड़ जमीन आवंटित की है। स्पीड 4 डिफेंस सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड इस केंद्र की स्थापना करेगा। यहां ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम, बंकर तथा अन्य रक्षा संबंधी उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना असम को रक्षा उत्पादन और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
