मुंबई, 21 नवंबर (हि.स.)। साउथ की चर्चित फिल्म ‘हनुमान’ की सफलता के बाद अब इसके सीक्वल को लेकर निर्माता और निर्देशक के बीच मतभेद सामने आ गए हैं। विवाद के चलते फिल्म के दोनों प्रमुख रचनात्मक पक्ष अलग-अलग सीक्वल बनाने की तैयारी में हैं।
खास बात यह है कि दोनों ही फिल्मों में मूल फिल्म के अभिनेता तेजा सज्जा नजर नहीं आएंगे। निर्देशक प्रशांत वर्मा मैत्री मूवी मेकर्स के साथ ऋषभ शेट्टी को लेकर ‘जय हनुमान’ बना रहे हैं, जबकि निर्माता निरंजन रेड्डी ने ‘हनुमान 2: द राइज ऑफ वनरास’ की घोषणा कर दी है।
निर्माता निरंजन रेड्डी की इस नई फिल्म में तेजा सज्जा की जगह पंजा वैष्णव तेज मुख्य भूमिका निभाएंगे। फिल्म का निर्देशन अवि आनंद करेंगे। निर्माताओं ने पोस्टर जारी कर फिल्म की पहली झलक के साथ इसकी घोषणा की है। घोषणा में कहा गया है कि ‘हनुमान’ की कहानी को अब और बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही वैष्णव तेज और निर्देशक अवि आनंद के साथ इस परियोजना पर काम करने को लेकर उत्साह जताया गया है। फिल्म की कहानी और अन्य कलाकारों से जुड़ी जानकारी फिलहाल शेयर नहीं की गई है।
‘हनुमान’ की सफलता के बाद दर्शकों को इसके अगले भाग का इंतजार था, लेकिन अब दो अलग-अलग सीक्वल की घोषणा ने इस फ्रेंचाइजी को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। एक ओर ऋषभ शेट्टी के साथ ‘जय हनुमान’ आगे बढ़ रही है, तो दूसरी ओर वैष्णव तेज के साथ ‘हनुमान 2: द राइज ऑफ वानरास’ बनाई जा रही है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि दोनों फिल्में दर्शकों के बीच कैसी प्रतिक्रिया हासिल करती हैं।
