-मलारी की हस्तनिर्मित कोट पट्टी, ऊनी वस्त्र, शुद्ध शहद और बदरीनाथ का घी भेंट किया, हरिद्वार कुंभ-2027 की प्रतिकृति भी सौंपी
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जुड़ी विशेष भेंट प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट पट्टी, डोरखा (ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बदरीनाथ का घी, हर की दून का राजमा और लाल चावल भेंट किए। इसके साथ ही उन्होंने हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की भव्यता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को सौंपी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत का शिल्पकार बताते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और नेतृत्व में देश विकास एवं सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन उत्तराखंड के विकास और राज्य की लोककला, परंपराओं तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रेरणादायी है।
