अररिया 17 नवम्बर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी 56वीं वाहिनी) की एफ समवाय जोगबनी की टीम (भारत-नेपाल सीमा) की बीआईटी ड्यूटी में तैनात जवानों ने नेपाल से भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों के साथ भारत में प्रवेश कराने में मदद पहुंचाने वाले एक भारतीय मददगार को गिरफ्तार किया है।
जोगबनी बीसीपी गेट सीमा स्तंभ संख्या 180 के पास, भारत-नेपाल सीमा से लगभग 5 मीटर भारतीय सीमा के अंदर पर तैनात बीआईटी ड्यूटी दल द्वारा नेपाल से आ रहे कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को रूटीन जांच के लिए रोका गया। कड़ाई से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि उनमें से तीन व्यक्ति बांग्लादेशी नागरिक हैं, जो बिना वैध अनुमति के अवैध रास्तों से भारत में प्रवेश कर रहे थे, और चौथा व्यक्ति उनका भारतीय सहयोगी है।
प्राथमिक पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि ये सभी नेपाल के विराटनगर से एक बांग्लादेशी नागरिक की आंख का इलाज करवाकर जोगबनी के रास्ते भारत आ रहे थे। तलाशी के दौरान इनके पास से 03 पासपोर्ट और एक आधार कार्ड रेडैक्टेड तथा अन्य दस्तावेज मिले हैं।एसएसबी के जवानों द्वारा तत्परता दिखाते हुए सभी गिरफ्तार व्यक्तियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज करने हेतु जोगबनी थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। इस सफल अभियान में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक के नेतृत्व में कुल 07 कर्मियों के बीआईटी ड्यूटी दल शामिल थे।
