शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सिपाहीजला में चुनावी तैयारियों की समीक्षा

अगरतला, 17 नवंबर: आगामी 2026 के शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) के आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सिपाहीजला जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को बिश्रामगंज स्थित जिलाधिकारी एवं समाहर्ता कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार चक्रवर्ती की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सिपाहीजला जिले के जिला नगरपालिका चुनाव अधिकारी तथा जिलाधिकारी-सह-समाहर्ता के अलावा प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में त्रिपुरा पुलिस के कानून-व्यवस्था विभाग के आईजी, बिशालगढ़ नगर परिषद, बिश्रामगंज नगर पंचायत, सोनामुड़ा नगर पंचायत और मेलाघर नगर परिषद के चुनाव पर्यवेक्षक, सिपाहीजला के पुलिस अधीक्षक, जिले के सभी रिटर्निंग अधिकारी, अनुमंडल पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न थानों के प्रभारी अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में आगामी चुनाव की समग्र तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। चुनावी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में प्रशासनिक तत्परता बढ़ाने और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

राज्य चुनाव आयुक्त ने चुनावी तैयारियों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वतंत्र, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव अधिकारियों, पुलिसकर्मियों तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया।

Leave a Reply