नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली ने देश में पहली बार गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की हड्डी में गंभीर जन्मजात विकृति मायेलोमेनिंगोसील की ओपन फेटल सर्जरी की है। 25 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु पर की गई छह घंटे की इस सर्जरी में रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से में मौजूद उस दोष की मरम्मत की गई, जिससे मस्तिष्क मेरु द्रव का रिसाव हो रहा था।
एम्स ने बताया कि यह प्रक्रिया एम्स के न्यूरोसाइंसेज सेंटर में गुरुवार को की गई। इस सर्जरी की तैयारी में पांच सप्ताह से अधिक समय लगा। इस दौरान भ्रूण की विस्तृत इमेजिंग, विभिन्न विशेषज्ञों की सलाह, माता-पिता की काउंसलिंग, एनेस्थीसिया की तैयारी और ऑपरेशन का पूर्वाभ्यास किया गया। पूरी प्रक्रिया में प्रसूति एवं स्त्री रोग, मातृ-भ्रूण चिकित्सा, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी, रेडियोलॉजी और नवजात शिशु चिकित्सा विभागों के 30 से अधिक डॉक्टरों और नर्सों ने हिस्सा लिया।
एम्स के प्रोफेसर दीपक गुप्ता ने न्यूरो सर्जरी टीम का नेतृत्व किया। मातृ-भ्रूण चिकित्सा और प्रसूति संबंधी जिम्मेदारी प्रोफेसर नीना मल्होत्रा और प्रोफेसर के. अपर्णा शर्मा ने संभाली। सर्जरी उच्च क्षमता वाली माइक्रोस्कोपी और लगातार अल्ट्रासाउंड की सहायता से की गई।
मायेलोमेनिंगोसील स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप है। इसमें रीढ़ की हड्डी और उसे ढकने वाली झिल्लियां रीढ़ की हड्डी में मौजूद खुले हिस्से से बाहर निकल आती हैं। इससे बच्चे को लकवा, मस्तिष्क में पानी भरने (हाइड्रोसेफलस) और जीवनभर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। भारत में न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट का बोझ भी उल्लेखनीय है। वर्ष 2024 में प्रकाशित 27 भारतीय अध्ययनों की एक समीक्षा में प्रति 1,000 जन्म पर इसकी औसत व्यापकता 9.46 आंकी गई थी। समीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत भी बताई गई।
इंडियन सोसाइटी फॉर पीडियाट्रिक न्यूरो सर्जरी के अध्यक्ष प्रोफेसर दीपक गुप्ता ने कहा कि यह भारत में भ्रूण चिकित्सा और बाल न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में एक नई क्षमता स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि उपयुक्त रूप से चुने गए मामलों में जन्म से पहले सर्जरी करने का उद्देश्य खुली तंत्रिका ऊतक को आगे होने वाली क्षति से बचाना, हाइड्रोसेफलस के उपचार के लिए बाद में शंट लगाने की जरूरत कम करना और कुछ न्यूरोलॉजिकल परिणामों में सुधार करना है। हालांकि, यह पूर्ण इलाज नहीं है और बच्चे को लंबे समय तक विभिन्न विशेषज्ञों की देखरेख की जरूरत रहेगी।
प्रोफेसर नीना मल्होत्रा ने इस उपलब्धि को विभिन्न विशेषज्ञताओं की टीम की सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। वहीं, प्रोफेसर अपर्णा शर्मा ने कहा कि भ्रूण पर इस तरह की सर्जरी का निर्णय मां और बच्चे, दोनों के बेहतर स्वास्थ्य परिणामों को ध्यान में रखकर विस्तृत योजना के बाद लिया जाता है। उन्होंने कहा कि मां और भ्रूण की सुरक्षा के लिए सर्जरी से पहले उचित काउंसलिंग, बेहतर एनेस्थीसिया और ऑपरेशन से पहले तथा बाद में समन्वित निगरानी जरूरी है।
भ्रूण में मायेलोमेनिंगोसील की सर्जरी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अध्ययन हुए हैं। मैनेजमेंट ऑफ मायेलोमेनिंगोसील (एमओएमएस) अध्ययन के अनुसार, जन्म से पहले सर्जरी कराने वाले बच्चों में 12 महीने की उम्र तक मस्तिष्कमेरु द्रव के निकास के लिए शंट लगाने की जरूरत 40 फीसदी रही, जबकि जन्म के बाद सर्जरी कराने वाले बच्चों में यह आंकड़ा 82 फीसदी था। अध्ययन में मोटर क्षमता से जुड़े परिणामों में सुधार और चीआरी-2 से संबंधित मस्तिष्क के पिछले हिस्से के नीचे खिसकने की समस्या में कमी भी दर्ज की गई। हालांकि, इस प्रक्रिया में समय से पहले प्रसव और गर्भाशय पर बने निशान से जुड़ी जटिलताओं सहित मां और भ्रूण के लिए जोखिम भी होते हैं। इसलिए इसे केवल विशेष केंद्रों में उपयुक्त मामलों में ही किया जाता है।
एम्स ने यह सर्जरी केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) के तहत परिवार को निःशुल्क उपलब्ध कराई। संस्थान के अनुसार, अमेरिका में भ्रूण की सर्जरी, उच्च जोखिम वाली प्रसूति देखभाल, प्रसव और नवजात उपचार सहित ऐसी संयुक्त चिकित्सा सेवा का खर्च संस्थान और मरीज की स्थिति के आधार पर एक करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
एम्स की टीम ने स्पष्ट किया कि भ्रूण की सर्जरी चुनिंदा गर्भावस्थाओं के उपचार का विकल्प है, न कि बीमारी की रोकथाम का विकल्प। गर्भधारण के लगभग 28 दिन बाद तक न्यूरल ट्यूब का बंद होना पूरा हो जाता है, जबकि इस समय तक कई बार महिला को गर्भावस्था का पता भी नहीं होता। ऐसे में गर्भधारण से पहले फोलिक एसिड के सेवन की सलाह, खाद्य पदार्थों में फोलेट की वैज्ञानिक तरीके से मिलावट और राष्ट्रीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है।
सर्जरी के बाद मां और भ्रूण की गर्भावस्था के शेष समय, प्रसव और नवजात अवस्था तक विभिन्न विशेषज्ञों की टीम निगरानी करेगी।
