गिलगित-बाल्टिस्तान में वैन नदी में गिरी, 11 यात्रियों की मौत

इस्लामाबाद (पाकिस्तान). 13 नवंबर (हि.स.)। गिलगित-बाल्टिस्तान प्रांत के घिजर जिले में एक यात्री वैन के यासीन नदी में गिर जाने से 11 लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह हादसा गुरुवार देरशाम हुआ। इस यात्री वैन का ड्राइ्वर गिलगित से घिजर जाते वक्त यासीन घाटी में मोर्काह पुल के पास नियंत्रण खो बैठा। पलभर में वैन पलटते हुए यासीन नदी में जा गिरी।

डान की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने शुरुआत में बताया कि बचाव दलों ने 10 यात्रियों के शव निकाले, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इस दौरान तीन घायल यात्रियों को भी बचा लिया। सभी को इलाज के लिए गुपिस सिविल अस्पताल ले जाया गया। बाद में पुलिस ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि वैन सवार यासीन घाटी के रहने वाले हैं। प्रांत के मुख्यमंत्री अमजद हुसैन ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। सनद रहे, पिछले हफ्ते गिलगित से इस्लामाबाद जा रही एक बस हजारा मोटर-वे पर हवेलीयन इंटरचेंज के पास एक डंपर से टकरा गई थी, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए थे। एक दिन पहले, पंजाब के पाकपट्टन के पास एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए थे।

Leave a Reply