जापान मास्टर्स : क्वार्टर फाइनल में हारे किदांबी श्रीकांत, वतनबे ने सीधे गेमों में दी मात

कुमामोटो, 13 नवंबर (हि.स.)। भारत के अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत का जापान मास्टर्स में सफर शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। उन्हें जापान के कोकी वतनबे के खिलाफ 22-24, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबला 41 मिनट तक चला।

पहला गेम बेहद रोमांचक रहा और दोनों खिलाड़ियों के बीच 20 अंकों के बाद भी कड़ा मुकाबला जारी रहा। घरेलू दर्शकों के समर्थन से खेल रहे वतनबे ने दबाव के क्षणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 24-22 से पहला गेम अपने नाम किया।

दूसरे गेम में श्रीकांत ने शानदार शुरुआत की और मध्यांतर तक 11-5 की बढ़त बना ली। इसके बाद भी वह 14-9 से आगे थे, लेकिन वतनबे ने जबरदस्त वापसी की। जापानी खिलाड़ी ने 14-9 से पिछड़ने के बाद अगले 13 में से 12 अंक जीतकर गेम 21-15 से अपने नाम कर लिया। इस तरह उन्होंने सीधे गेमों में मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

हार के बावजूद श्रीकांत के लिए यह टूर्नामेंट कुल मिलाकर अच्छा रहा। इससे पहले उन्होंने पांचवीं वरीयता प्राप्त और घरेलू पसंदीदा खिलाड़ी कोडाई नाराओका को पांचवीं भिड़ंत में पहली बार हराया था।

श्रीकांत ने नाराओका के खिलाफ 21-15, 11-21, 21-18 से जीत दर्ज की थी। दूसरे गेम में बड़ी हार के बाद उन्होंने निर्णायक गेम में वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम किया था।

Leave a Reply