काठमांडू, 04 नवंबर (हि.स.)। भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री नेपाल के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर काठमांडू पहुंच गए हैं। वह कुछ देर पहले त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। विदेश सचिव की नेपाल यात्रा को प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के आगामी भारत दौरे की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा की तैयारी और दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय कूटनीतिक संवाद को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उनका दौरा हो रहा है। काठमांडू पहुंचे मिस्री आज उच्चस्तरीय मुलाकातों का सिलसिला शुरू करेंगे। उनकी प्रधानमंत्री शाह से भी मुलाकात तय है। उनका विदेशमंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले सहित अन्य मंत्रियों से मुलाकात करने का कार्यक्रम है।
बैठक में नेपाल-भारत द्विपक्षीय संबंधों, आपसी सहयोग और प्रधानमंत्री शाह की संभावित भारत यात्रा के मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। दौरा पूरा करने के बाद भारतीय विदेश सचिव मिस्री कल स्वदेश रवाना होंगे।
