सड़क हादसे में एक डिलीवरी बॉय की मौत, एक घायल

पलामू, 03 नवंबर (हि.स.)। पलामू के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात घर लौट रहे ब्लिंकिट के दो डिलीवरी बॉय की मोटरसाइकिल को पुलिस लाइन रोड में सर्किट हाउस के पास खीरा लदे मालवाहक पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल सवार 35 वर्षीय विश्वनारायण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी 22 वर्षीय विनीत श्रीवास्तव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक विश्वनारायण सिंह चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव निवासी बृजदेव सिंह का पुत्र था।

वहीं घायल विनीत श्रीवास्तव शहर थाना क्षेत्र के हमीदगंज निवासी राजेश श्रीवास्तव का बेटा है। दोनों ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे। बीती रात दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान पुलिस लाइन रोड में सर्किट हाउस के पास सामने से आ रहे पिकअप से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विश्वनारायण को मृत घोषित कर दिया।

वहीं विनीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

विश्वनारायण के छोटे भाई सुधीर कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि उनका भाई रोजाना रात 10 बजे तक घर लौट आता था। सोमवार की रात 11 बजकर 23 मिनट पर उसके दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल पिकअप पर खीरा लदा था। वाहन छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से बिहार के बक्सर जा रहा था। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है। चालक भी गिरफ्त में है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply