काबुल (अफगानिस्तान)/इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 29 अक्टूबर (हि.स.)। अफगान बलों ने पाकिस्तान के हमले के जवाब में उसके सैन्य ठिकानों और चौकियों पर हमला करने का दावा किया है। इस्लामिक अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अफगान बलों ने पक्तिका प्रांत के अंगूर अड्डा जिला बाजार के पास पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर जोरदार हमले किए। यह कार्रवाई उस इलाके में पाकिस्तानी बलों के हमलों के जवाब में की गई ।
काबुल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के बलों ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे अंगूर अड्डा बाजार और तथाकथित डूरंड लाइन के पास स्थित चौकी पर ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए चार हमले किए। रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, इसके जवाब में अफगान बलों ने इलाके के पास मौजूद पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और चौकियों को निशाना बनाया। इस कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए या घायल हुए। उनके बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। बयान में दावा किया गया कि इस घटना में अफगान बलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
द न्यूज (पाकिस्तान) की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने अंगूर अड्डा बॉर्डर घटना पर काबुल के दावे को खारिज कर दिया। मंत्रालय ने कहा कि अफगान तालिबान बलों ने पाकिस्तान के नागरिकों पर बिना उकसावे के गोलीबारी और मोर्टार शेलिंग की। इस घटना में एक नागरिक की मौत हो गई और एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए।
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय का यह बयान तब आया जब पाकिस्तान की सेना ने दक्षिण वजीरिस्तान के अंगूर अड्डा इलाके में आम लोगों पर अफगान तालिबान सेना के बिना उकसावे के हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में अफगान तालिबान के कई चेकपोस्ट तबाह कर दिए। सूचना मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने “तुरंत, प्रभावी और बहुत कड़ा जवाब” दिया । मंत्रालय का दावा है कि इस कार्रवाई में अफगान बलों सात चौकियां नष्ट हो गईं।
उल्लेखनीय है कि पक्तिका प्रांत अफगानिस्तान के दक्षिण-पूर्वी भाग में स्थित है। इसकी अंतरराष्ट्रीय सीमा पूर्व और दक्षिण में पाकिस्तान (डूरंड रेखा) से लगती है। यह इलाका पाकिस्तान के उत्तरी और दक्षिणी वजीरिस्तान और बलोचिस्तान प्रांत के झोब जिले से सटा हुआ है।
