नेतन्याहू लिकुड के चुनाव मुख्यालय पहुंचे, कहा-हमारी पार्टी सबसे बड़ी

यरुशलम (इजराइल), 28 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आज अब से कुछ देर पहले लिकुड पार्टी के चुनाव मुख्यालय पहुंचे हैं। नेतन्याहू ने दक्षिणपंथी सरकार बनाने का आह्वान करते हुए अरब पार्टियों पर निर्भर रहने के खिलाफ चेतावनी दी। नेतन्याहू ने कहा, “लिकुड इजराइल की सबसे बड़ी पार्टी है।” उन्होंने दावा किया कि दक्षिणपंथी गुट को यहूदी और ज़ायोनी मतदाताओं के साथ-साथ यहूदी राष्ट्र के समर्थकों का निर्णायक समर्थन हासिल है।

द टाइम्स ऑफ इजराइल और द यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस समय देश में नेसेट (संसद) के लिए मंगलवार को हुए चुनाव के लिए मतगणना हो रही है। सुबह 4:51 बजे तक 32.5% मतपेटियों की गिनती हो चुकी है। केंद्रीय चुनाव समिति के अनुसार, आंशिक नतीजों में नेतन्याहू समर्थक गुट को 59 सीटें और नेतन्याहू विरोधी गुट को 46 सीटें मिली हैं। समिति ने कहा कि ये नतीजे अभी आंशिक हैं और गिनती जारी रहने के साथ इनमें बदलाव संभव है।

लिकुड के चुनाव मुख्यालय में प्रधानमंत्री समर्थक जश्न मना रहे हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने चुनाव मुख्यालय में अपने भाषण में 7 अक्टूबर 2023 को हमास के आतंकी हमले के बाद से लड़े गए युद्धों में इजराइल की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “ईरान पहले से कहीं ज्यादा कमजोर हो गया है, और इजराइल पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गया है।” उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मिलकर, इजराइल ईरानी खतरे को हमेशा के लिए खत्म कर देगा। उन्होंने कहा, “हम अभी भी असल नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।”

नेतन्याहू ने उन समाचार माध्यमों की आलोचना की, जिन्होंने भविष्यवाणी की थी कि चुनाव में लिकुड पार्टी का प्रदर्शन खराब रहेगा। उन्होंने कहा, “इसीलिए हमें एक दक्षिणपंथी, राष्ट्रवादी और मजबूत सरकार की जरूरत है ।” इस बीच ‘कान’ (केएएन) और चैनल 13 के अपडेटेड एग्जिट पोल के अनुसार, नेतन्याहू गुट और चार पार्टियों वाले विपक्षी गठबंधन को 51-51 सीटें मिल सकती हैं। अरब पार्टियों को 18 सीटें मिलने का अनुमान है। चैनल 12 के अनुसार, नेतन्याहू के गुट को 52, विपक्षी गठबंधन को 49 और अरब पार्टियों को 19 सीटें मिल सकती हैं।

Leave a Reply