नेपाल में भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच सातों प्रांतों को तैयारी मजबूत करने का निर्देश

काठमांडू, 28 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल की स्वास्थ्य आपातकालीन एवं आपदा प्रबंधन इकाई ने स्वास्थ्य विभाग से हाई अलर्ट पर रहते हुए आपदा से निपटने की तैयारियों और राहत कार्यों को प्रभावी बनाने का आग्रह किया है। इकाई ने इस संबंध में देश के सभी सात प्रांतों के प्रांतीय स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केंद्रों को सर्कुलर जारी किया है।

नेपाल के विभिन्न स्थानों पर 29 अक्टूबर से लगातार तीन दिनों तक मध्यम से भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तूफान की संभावना जताए जाने के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र की तैयारियों को मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, सभी प्रांतों के केंद्रों को स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित घटनाओं और स्थिति की दैनिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से ‘जीरो रिपोर्टिंग’ या ‘इंसिडेंट रिपोर्टिंग’ के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा गया है।

मौसम विज्ञान विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संभावित भारी बारिश के कारण भूस्खलन, बाढ़ और जलभराव जैसी आपदाओं के खतरे को देखते हुए सभी से सतर्क रहने की अपील की है। इकाई प्रमुख डॉ. हेमंत चंद्र ओझा की ओर से जारी सर्कुलर में चौबीसों घंटे संपर्क में रहने के लिए एक आपातकालीन संपर्क अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, संबंधित अधिकारी का संपर्क विवरण इकाई को उपलब्ध कराने और सार्वजनिक करने को कहा गया है।

इकाई ने आवश्यक स्वास्थ्य संसाधनों के साथ आपातकालीन चिकित्सा टीम को तैयार रखने तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय कर उपलब्ध मानव संसाधन, दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, एंबुलेंस और अन्य संसाधनों का विवरण अद्यतन रखने को भी कहा है। सर्कुलर में सभी प्रांतीय स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केंद्रों को एंबुलेंस डिस्पैच सेंटर के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और एंबुलेंस सेवाओं की सुगम, त्वरित एवं प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य आपदा के दौरान घायलों और प्रभावित नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इकाई ने संभावित आपदा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में व्यवधान रोकने, आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं चिकित्सा सहायता पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया है।

Leave a Reply