अरुणाचल के व्यक्ति ने असम में अपने साले को मारी गोली मारकर की हत्या, एक व्यक्ति घायल

इटानगर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश-असम सीमावर्ती होलोंगी में सोमवार की देर शाम को उस समय तनाव फैल गया’ जब अरुणाचल प्रदेश के एक व्यक्ति ने असम के विश्वनाथ जिले के कुकुरजान गांव में कथित तौर पर अपने साले की गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद, असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा पर होलोंगी चाराली में गोरखा समुदाय के लोगों ने भारी विरोध-प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया है कि आरोपित की पहचान 42 वर्षीय केनबा कामी के रूप में हुई है, जो अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट सियांग जिले के आलो का रहने वाला है। उसने गोहपुर थाना क्षेत्र के कुकुरजान गांव में अपनी पत्नी के घर पर हुए विवाद के बाद, एक देसी पिस्तौल से अपनी पत्नी के भाई पर गोली चला दी।

पापुम पारे के पुलिस अधीक्षक तारू गुसर ने बताया कि आरोपित अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए गोहपुर गया था, तभी स्थिति हिंसक हो गई।

शाम करीब 7.15 बजे के आसपास कामी ने कथित तौर पर अपने साले पर गोली चला दी, जो गोरखा समुदाय से था। इस घटना में उसकी मौत हो गई।

आरोपित ने एक अन्य व्यक्ति पर भी धारदार हथियार (दाव) से हमला किया, जो संभवतः उसकी पत्नी का ही दूसरा भाई था। इस हमले में वह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए असम के डिब्रूगढ़ के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।

घटना के बाद कामी मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम हत्या के आरोपित को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उसकी तलाश और गिरफ्तार करने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।

गुसर ने बताया कि असम के गोहपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और अरुणाचल प्रदेश पुलिस आरोपित को पकड़ने में असम पुलिस की मदद कर रही है। अरुणाचल प्रदेश के अन्य जिलों की पुलिस इकाइयों को भी सतर्क कर दिया गया है ताकि आरोपित गिरफ्तारी से बच न सके।

इस बीच, हत्या की खबर से गोरखा समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने अंतर-राज्य सीमा पर होलोंगी में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर आरोपित की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की, जिससे सीमावर्ती इलाके में तनाव बढ़ गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए प्रयास जारी है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच चल रही है और आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply