नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह की शुरुआत आंधी-पानी से हुई। दिल्ली-एनसीआर में रात आधीरात हुई भारी बारिश और आंधी-तूफान से मौसम में अचानक बदल गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग का (आईएमडी) पूर्वानुमान है कि अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने आने वाले छह दिन तक दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश न होने का अनुमान लगाया है। अचानक हुई बरसात से मौसम ठंडा हो गया है। आईएमडी के अधिकारियों का कहना है कि पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
इससे पहले आईएमडी के रविवार शाम जारी सात दिन पूर्वानुमान के अनुसार, 13 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान बढ़कर 33-35 डिग्री सेल्सियस होने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
15 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 16 अक्टूबर को तापमान अधिकतम 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। 17 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
इन सभी दिनों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश न होने का अनुमान है। आईएमडी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में दिल्ली में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ है। न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
