नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह समेत अनेक नेताओं ने शनिवार को शुभ महालया के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, इस पावन अवसर हम मां दुर्गा का आशीर्वाद चाहते हैं। उनका आशीर्वाद हमारे समाज को खुशियों, करुणा और उम्मीद से भर दे। चारों ओर शांति और समृद्धि हो।
अमित शाह ने कहा कि मां दुर्गा का आशीर्वाद हर जीवन को असीम आनंद, सुख-समृद्धि और खुशहाली से भर दे। पितृ पक्ष की समाप्ति और देवी पक्ष की शुरुआत के इस संगम पर, महालया के दिन माँ दुर्गा के आगमन का संदेश गूँजता है। माँ के आशीर्वाद से हर जीवन असीम आनंद, खुशी और समृद्धि से परिपूर्ण हो।
केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि माँ दुर्गा का आशीर्वाद हमेशा हम पर बना रहे और हमारे जीवन में खुशियाँ, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए। शुभ महालय!
उल्लेखनीय है कि महालया सनातन धर्म और विशेष रूप से बंगाली समुदाय में मनाया जाने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण और शुभ अवसर है। यह आश्विन मास की अमावस्या तिथि को होता है।
