नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीयमंत्री जगत प्रकाश नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, गिरिराज सिंह, पीयूष गोयल, हरदीप सिंह पुरी समेत विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर सरकार के प्रमुख के रूप में अपनी यात्रा शुरू की । वे वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने।
बिरला ने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम और जनकल्याण के संकल्प के साथ सार्वजनिक जीवन में सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करना उनकी राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरक गाथा है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सुशासन की नई मिसाल से लेकर देश के प्रधान सेवक के रूप में भारत को नई दिशा देने तक की उनकी यात्रा उल्लेखनीय रही है।
उन्होंने कहा कि संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा के साथ संसद में लोकतांत्रिक संवाद और सहमति को प्रोत्साहन देने पर प्रधानमंत्री का निरंतर जोर रहा है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय से आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण से सशक्त भारत और विकास से विरासत के संरक्षण तक अनेक कार्यों ने देश की प्रगति की नई आधारभूमि तैयार की है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की सार्वजनिक जीवन की यात्रा राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ी है। उनके नेतृत्व में जनकल्याणकारी कार्यों का विस्तार हुआ और करोड़ों लोगों को घर, पानी, शौचालय, गैस कनेक्शन और बैंकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हुईं।
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुशासन को मजबूती मिली है और भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। युवाओं के लिए रोजगार और अवसर, उद्यमशीलता, स्टार्टअप तथा नवाचार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की यात्रा अभी पूर्ण विराम नहीं, बल्कि आगे की राष्ट्रसेवा का एक पड़ाव है।
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष संकल्प को कार्यरूप देने की यात्रा हैं। गुजरात से लेकर प्रधानमंत्री पद तक उनकी यात्रा जनता की आकांक्षाओं से जुड़ी रही है। उन्होंने इसे सेवा, प्रतिबद्धता और विकसित भारत के निर्माण के निरंतर संकल्प की यात्रा बताया।
केंद्रीयमंत्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रहित और जनसेवा को समर्पित 25 वर्ष अटूट प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अंत्योदय को ध्येय बनाकर गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रतिबद्धता प्रधानमंत्री की सार्वजनिक यात्रा का महत्वपूर्ण पक्ष रही है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठाए हैं।
केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई प्रधानमंत्री की यात्रा को राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का परिश्रम, प्रयत्न, धैर्य और उत्साह सभी के लिए प्रेरणा है तथा उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
केंद्रीयमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सेवा को साधना, राष्ट्र को सर्वोपरि और जनकल्याण को जीवन का ध्येय मानकर प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की यात्रा में संकल्प, सुशासन और सेवा साथ-साथ चलते रहे हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा शक्ति और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से विकास को जन-जन के जीवन से जोड़ने का प्रयास किया गया।
केंद्रीयमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की यात्रा को चुनौतियों के बीच समाधान तलाशने और संकटों को अवसर में बदलने की सोच से जोड़ा। उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और कोविड महामारी जैसी परिस्थितियों के दौरान भारत ने कठिन चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत के अनुभवों और नेपाल में 2015 के भूकंप के बाद चलाए गए ऑपरेशन मैत्री का भी उल्लेख किया।
केंद्रीयमंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के बेगूसराय में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह और उत्सुकता दिखाई दी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास को लेकर जनता की भावना से जोड़ा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना करने का उल्लेख करते हुए कहा कि गणपति की कृपा से राष्ट्रसेवा की यह यात्रा भारत के उत्कर्ष और जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त करती रहे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा की यात्रा 25 वर्ष के गौरवपूर्ण पड़ाव पर पहुंची है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार करने की निरंतर साधना रही है। यादव ने कोरोना संकट से निपटने, अनुच्छेद 370, नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई तथा आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर राजस्थान की जनता की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानसेवक तक की यात्रा को सुशासन और पारदर्शिता से जोड़ते हुए गुजरात में जल संकट, कन्या शिक्षा, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
शर्मा ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में सड़क, रेल और डिजिटल बुनियादी ढांचे से लेकर रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भारत ने प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर मार्गदर्शन की कामना की।
