नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के प्रमुख (हेड ऑफ गवर्नमेंट) के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने जनसेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाया और सत्ता को सेवा का माध्यम मानकर राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहे।
इंदिरा गांधी स्टेडियम इंदौर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बुधवार को नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सेवा और समर्पण की 25 वर्षों की अनवरत एवं अविचल यात्रा के लिए वह 140 करोड़ देशवासियों और भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने परिश्रम और समर्पण से देशवासियों के जीवन में विकास, आत्मविश्वास और स्वाभिमान का उजाला फैलाने का निरंतर प्रयास किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ने और राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने के संकल्प की यात्रा रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के मुखिया के रूप में अपने 25 वर्ष पूरे कर लिए। उनके सार्वजनिक जीवन की यह यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार तीन कार्यकाल पूरे किए।
गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्षों की जिम्मेदारी संभालने के बाद नरेन्द्र मोदी ने 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद 2019 में दूसरी बार और जून 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इस तरह मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक उनका करीब ढाई दशक का सफर पूरा हुआ है।
जून 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार कार्यकाल के मामले में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। वह लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने। इस मामले में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
25 वर्षों के इस सफर में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
