नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की नजरें 2027 में होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप पर टिकी हैं। टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा आज रात 8:30 बजे से जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर की जाएगी। जियोस्टार से बातचीत में रोहित ने कप्तान शुभमन गिल, 2027 विश्वकप की तैयारियों और भारत के लिए एक और विश्वकप जीतने की अपनी इच्छा पर बात की।
शुभमन गिल की कप्तानी के बारे में रोहित ने कहा कि गिल का क्रिकेटिंग दिमाग शानदार है और कप्तान के तौर पर अभी उनके प्रदर्शन का आकलन करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा, “शुभमन गिल का क्रिकेटिंग दिमाग शानदार है, इसमें कोई शक नहीं। वह करीब एक साल से कप्तानी कर रहे हैं इसलिए इतनी जल्दी उनके कप्तान के रूप में आकलन करना उचित नहीं होगा। लेकिन मैंने उन्हें जितना देखा है, वह प्रभावशाली रहे हैं। वह जो चाहते हैं, उसे लेकर बहुत स्पष्ट हैं। कप्तान के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण चीज है। अगर कप्तान स्पष्ट है तो उसके आसपास के खिलाड़ी भी स्पष्ट रहेंगे। शुभमन के साथ मुझे यही नजर आता है। वह जानता है कि उसे क्या चाहिए और सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। निश्चित तौर पर किसी भी कप्तान को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के समर्थन की जरूरत होती है। मुझे यकीन है कि मैं जिस भी तरह उसकी मदद कर सकता हूं, करूंगा।”
रोहित ने गिल को लगातार समर्थन देने की बात भी कही। उन्होंने कहा, “शुभमन कप्तान है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं उससे दूर रहूं या उससे कम बात करूं। जब से उसने पदार्पण किया है, हम एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसा ही होना चाहिए और किसी भी वजह से इसमें बदलाव नहीं होना चाहिए। उसे टीम के भरोसे की जरूरत है और यह पता होना चाहिए कि सभी एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमारा काम उसका समर्थन करना और टीम को आगे ले जाना है।”
2027 वनडे विश्वकप जीतने के महत्व पर रोहित ने कहा, “आगामी वनडे विश्वकप जीतना शानदार होगा, मैं बस इतना ही कहूंगा। मैं अभी इसे किसी पूर्ण चक्र या ऐसी किसी चीज के रूप में नहीं देखना चाहता। भारत के लिए विश्वकप जीतना एक विशेष एहसास है। टी20 प्रारूप में मैं इसका दो बार अनुभव कर चुका हूं। 2007 में मैं सिर्फ 20 साल का युवा था। निश्चित रूप से यह बड़ा टूर्नामेंट है और पहले ही साल विश्वकप जीतना शानदार था। फिर हमने 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती और उसके बाद करीब 11 साल का लंबा दौर आया, जब हम कोई आईसीसी खिताब नहीं जीत सके। इसलिए जब हमने 2024 में टी20 विश्वकप जीता, तब एहसास हुआ कि यह कितना महत्वपूर्ण था। वह एहसास आज भी काफी हद तक मेरे अंदर है। मैं जानता हूं कि विश्वकप जीतना कैसा लगता है। इसलिए मैं वह एहसास फिर से चाहता हूं। हमने उस दौरान जो आनंद महसूस किया, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता क्योंकि उसकी बराबरी नहीं की जा सकती। इसलिए मेरे लिए वह विश्वकप जीतना बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि मैं उस एहसास को फिर से महसूस करना चाहता हूं।”
2027 विश्वकप की तैयारी और मौजूदा समय पर ध्यान देने के बारे में रोहित ने कहा, “मैं चाहता हूं कि 2027 तक खुद को पर्याप्त रूप से सक्षम बनाए रखूं। फिट रहूं, कड़ी मेहनत करता रहूं और आने वाले हर टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करता रहूं। मुझे इसी बारे में सोचना और यही करना है। मेरा तत्काल लक्ष्य यह है कि इस समय मेरे सामने जो है, उसे ठीक से करूं। अभी से अगले अक्टूबर के बारे में सोचना मेरे खेल में मदद नहीं करेगा। जो चीज मेरी मदद करेगी, वह है वर्तमान में रहना, अपने सामने आने वाली हर चुनौती को पूरा करना और फिर आगे बढ़ते रहना।”
उन्होंने आगे कहा, “जिंदगी में मैंने इसी तरह कदम-दर-कदम प्रगति की है और अभी भी मुझे यही करना है। मूल रूप से मैं यह कहना चाहता हूं कि मुझे कुछ बदलने की जरूरत नहीं है। अब तक मेरा सफर जिस तरह रहा है, मैं उसी तरह आगे बढ़ाना चाहता हूं। अपनी बल्लेबाजी पर कड़ी मेहनत करता रहूं, फिटनेस पर काम करता रहूं, टीम के खिलाड़ियों की मदद करूं और जहां जरूरत हो वहां अपना इनपुट दूं, बस इतना ही।”
