काठमांडू, 25 सितंबर (हि.स.)। कोसी बैराज में पानी का बहाव बढ़ने के बाद 31 गेट खोल दिए गए हैं। बैराज में फिलहाल 2 लाख 40 हजार क्यूसेक पानी का बहाव मापा गया है और स्थिति रेड अलर्ट पर है।
प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) ईश्वरीप्रसाद अर्याल के मुताबिक पिछले वर्षों में कोसी में 5 लाख क्यूसेक से अधिक पानी का बहाव भी दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। उन्होंने बताया कि कोसी पुल से होकर चलने वाले वाहनों की आवाजाही अभी नहीं रोकी गई है। फिलहाल वाहनों को रोकने की स्थिति नहीं है। हालांकि, पानी का बहाव और बढ़ने पर आवश्यकता के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।
इस बीच, मौसम विज्ञान विभाग ने सप्तकोसी में बाढ़ का स्तर लगातार बढ़ने को देखते हुए निचले तटीय इलाकों और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में परसों तक उच्च सतर्कता बरतने का अनुरोध किया है।
