ट्रंप के स्टेट डिनर में जिनपिंग ने 250 वर्षों के अमेरिका-चीन सहयोग को याद किया

वाशिंगटन, 25 सितंबर (हि.स.)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिका की अपनी राजकीय यात्रा के दौरान गुरुवार को अमेरिकी इतिहास के 250 वर्षों के दौरान अमेरिका-चीन के बीच आदान-प्रदान और सहयोग के पलों को याद किया। शी ने वाशिंगटन और निक्सन का जिक्र करके द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान के खिलाफ चीन और अमेरिका की सेनाओं के बीच सहयोग की बात की और इसे ‘खून और आग में बनी दोस्ती’ बताया।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर के दौरान चीनी नेता शी जिनपिंग ने सबसे पहले जॉर्ज वाशिंगटन की चीनी पोर्सिलेन (चीनी मिट्टी के बर्तन) इकट्ठा करने में रुचि का जिक्र किया। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान के खिलाफ चीनी और अमेरिकी सेनाओं के बीच सहयोग की बात की और इसे ‘खून और आग में बनी दोस्ती’ बताया।

इसके बाद शी ने 1972 में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की चीन की ऐतिहासिक यात्रा को याद किया। निक्सन और चीन के पहले नेता माओत्से तुंग के बीच हाथ मिलाने की घटना ने अमेरिका-चीन संबंधों के सामान्य होने की शुरुआत की। शी ने भविष्य में सहयोग का आह्वान करते हुए कहा, “उस नदी की तरह जो कभी बहना नहीं छोड़ती, इतिहास भी कभी नहीं रुकता।”

उन्होंने कहा “आइए हम सब मिलकर चीन-अमेरिका दोस्ती के खूबसूरत फूलों को संवारें। आइए हम सब मिलकर अपने मैत्रीपूर्ण संबंधों का एक नया अध्याय लिखें।” शी ने भाषण के आखिर में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का “मेक अमेरिका ग्रेट अगेन” एजेंडा, चीन के “महान राष्ट्रीय पुनरुत्थान” के लक्ष्य के साथ-साथ चल सकता है।

उन्होंने कहा, “चीन और अमेरिका को जिम्मेदार प्रमुख देशों के रूप में काम करना चाहिए। अपने लोगों की उम्मीदों को पूरा करना चाहिए। समय की चाल के साथ कदम मिलाकर चलना चाहिए और प्रमुख देशों के एक-दूसरे के साथ मिल-जुलकर रहने का नया तरीका खोजना चाहिए।”

शी जिनपिंग ने मई में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई पिछली समिट में इस्तेमाल किए गए कुछ खास शब्दों को फिर से दोहराया। इससे उनके संदेश और बीजिंग की लगातार बनी हुई चिंताओं में निरंतरता का संकेत मिलता है। उन्होंने ट्रंप को यह समझाने की कोशिश की कि चीन और अमेरिका को युद्ध में उलझने की जरूरत नहीं है। शी ने इस बात को दोहराया कि सहयोग से चिंता के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्थिरता लाई जा सकती है।

व्हाइट हाउस में हुए स्टेट डिनर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी नेता शी जिनपिंग ने एक-दूसरे की जमकर तारीफ की। एक दशक से ज्यादा समय में शी का वाशिंगटन का यह पहला दौरा है। शी शुक्रवार को व्हाइट हाउस में चाय और नेशनल आर्काइव्स के दौरे के साथ अपनी यात्रा पूरी करेंगे।

ट्रंप ने इस अवसर पर अमेरिका और चीन के बीच “व्यापार और आपसी सम्मान की नींव” की सराहना की। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति शी और मैं दोनों समझते हैं कि हम अलग-अलग सिस्टम का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हमारे लोगों के बीच संबंध बने हुए हैं।”

स्टेट डिनर के दौरान मुख्य टेबल पर ट्रंप और शी के साथ अमेरिका की चार बड़ी टेक कंपनियों के अधिकारी बैठे दिखे। इनमें एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग, एएमडी की सीईओ लिसा सु, टेस्ला के एलन मस्क और एप्पल के पूर्व सीईओ टिम कुक शामिल रहे। स्टेट डिनर के दौरान ट्रंप ने शी को बाल्ड ईगल (एक तरह का अमेरिकी बाज) की मूर्ति भेंट की। ट्रंप ने कहा, “बाल्ड ईगल अमेरिका का राष्ट्रीय प्रतीक है और यह अमेरिका की आजाद और ऊंची उड़ान भरने वाली भावना का प्रतीक है।”

Leave a Reply