नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वास्थ्य सेवा पहल ‘आयुष्मान भारत’ के आठ वर्ष पूरे होने पर योजना की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आज 60 करोड़ से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि आठ वर्ष पहले आयुष्मान भारत की शुरुआत इस सोच के साथ की गई थी कि देश के हर नागरिक को बेहतर और सस्ती चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि योजना के तहत करोड़ों नागरिकों को पांच लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत के माध्यम से लोगों के चिकित्सकीय खर्च में बड़ी बचत संभव हुई है। इसका व्यापक लाभ गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को मिला है। योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गंभीर बीमारियों के इलाज से जुड़े खर्च के बोझ को कम करने में मदद की है।
प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर के करीब पहुंचाने की दिशा में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देशभर में स्थापित ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन केंद्रों पर अब तक 500 करोड़ से अधिक लोगों की विजिट दर्ज की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के विस्तार से जमीनी स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिली है और लोगों को अपने आसपास स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को अधिक व्यापक बनाने में मदद मिली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत का विस्तार देश में स्वास्थ्य सेवा को अधिक सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों का हिस्सा है। इस अवसर पर उन्होंने योजना के सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं भी दीं।-
