वाराणसी से वडनगर तक निकलेगी 22 दिवसीय ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’

-राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से दिखाएंगे हरी झंडी- 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी यात्रा

वाराणसी, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को वाराणसी से वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जाएगी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वाराणसी पहुंच चुके हैं। वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से यात्रा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे।

रक्षा मंत्री बुधवार देर शाम वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक कुमार चौरसिया और प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

यात्रा के शुभारंभ से पहले सेवा यात्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार, पूर्वाह्न में 51 सेवा यात्री ललिता घाट पहुंचकर गंगाजल भरेंगे। इसके बाद डमरू दल और शंखनाद के बीच वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे।

मंदिर में काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग का पवित्र नदियों के जल से अभिषेक किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी महारुद्राभिषेक में भी शामिल होंगे। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी।

इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ वाराणसी से वडनगर तक 22 दिवसीय बाइक यात्रा शुरू होगी।

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथिगण अवलोकन किया गया। इसके बाद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में संबोधन के दौरान राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना करेंगे।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना के अनुसार, गुरुवार शाम पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाने का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

अशोक चौरसिया ने बताया कि काशी से वडनगर और वडनगर से काशी तक चलने वाली यह यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों, 88 रात्रि विश्राम स्थलों और 187 पड़ावों से होकर गुजरेगी। काशी से 500 सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से बाइक पर वडनगर के लिए रवाना होंगे।

उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से युवा सेवा यात्री भी यात्रा में शामिल होंगे। विभिन्न क्षेत्रों और राज्यों की भागीदारी के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

चौरसिया के अनुसार, दोनों दिशाओं में चलने वाली यह यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान प्रत्येक पड़ाव को सामाजिक सरोकार और सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।–

Leave a Reply