‘वंदे मातरम्’ पर गुजरात विधानसभा में बवाल: राष्ट्रगीत के दौरान बैठे कांग्रेस विधायक, भाजपा ने मांगा जवाब

गांधीनगर, 09 सितंबर (हि.स.)। गुजरात विधानसभा के तीन दिवसीय मानसून सत्र की शुरुआत में ही ‘वंदे मातरम्’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया। राष्ट्रगीत के गायन के दौरान कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला के बैठे रहने पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई। राज्य के मंत्री प्रवीण माली ने इसे राष्ट्रगीत का अपमान करार दिया। उन्होंने कहा कि यदि यह गलती से हुआ है, तो विधायक को स्पष्टीकरण देकर माफी मांगनी चाहिए। माली ने इस घटना को गंभीर बताते हुए उचित कार्रवाई की भी बात कही।

विधायक महेंद्र कसवाला ने भी घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का प्रतीक है और वंदे मातरम् का अपमान गुजरात की जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत करेंगे और कांग्रेस को इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

विवाद बढ़ने पर इमरान खेड़ावाला ने सफाई देते हुए कहा कि शुरुआत में वह खड़े थे, लेकिन बाद में गलती से बैठ गए। उन्होंने कहा, “मुझे किसी से देशभक्ति का प्रमाणपत्र नहीं चाहिए, मेरे मन में देश के प्रति पूरा सम्मान और प्रेम है।”

विवाद के बीच सदन में शोक प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने सदन की कार्यवाही स्थगित रखने का प्रस्ताव रखा। विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने 10 सितंबर दोपहर 12 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा की।

ज्ञात हो कि इससे पहले सुबह कांग्रेस के विधायक गांधीनगर स्थित सत्याग्रह छावनी में धरने पर भी बैठे। धरने में गुजरात कांग्रेस के प्रमुख अमित चावड़ा, डॉ. तुषार चौधरी, इमरान खेड़ावाला, हिमतसिंह पटेल, जिग्नेश मेवाणी, किरीट पटेल सहित कांग्रेस के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply