पश्चिम बंगाल में वज्रपात के साथ बारिश के आसार, कई जिलों में चेतावनी

कोलकाता, 28 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में शुक्रवार रक्षाबंधन के दिन अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर और दक्षिण बंगाल में मौसम की गतिविधियां बनी रहेंगी।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जलपाईगुड़ी में शुक्रवार को गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा मालदा, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर सहित अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। दक्षिण बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, पूर्व एवं पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने की भी संभावना है।

कोलकाता और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने तथा बारिश और गरज-चमक की संभावना है। अलीपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी भी है।

मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply