कोलकाता, 5 अगस्त (आईएएनएस): इस बार स्वतंत्रता दिवस पर कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित होने वाली परेड में प्रदर्शित झांकियों का मुख्य विषय केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं होंगी। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि अन्नपूर्णा योजना, वीबी-जी राम जी अधिनियम, 2025, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, 15 अगस्त को रेड रोड पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस परेड में कुल 11 झांकियां शामिल होंगी। इसके अलावा भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को भी एक विशेष झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद शुरू की गई नई योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को भी इस बार की झांकियों में स्थान दिया गया है। लोक निर्माण, स्वास्थ्य, परिवहन, बिजली और पंचायत सहित कुल 10 सरकारी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं पर आधारित झांकियां तैयार कर रहे हैं।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां प्रदर्शित की जाती थीं। हालांकि उस समय आमतौर पर तीन या चार झांकियां होती थीं, लेकिन इस बार उनकी संख्या बढ़ाकर 11 कर दी गई है।
इसके अलावा कोलकाता नगर निगम की विभिन्न सेवाओं और सड़क सुरक्षा से जुड़े जन-जागरूकता संदेश भी झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किए जाएंगे।
15 अगस्त को सुबह 10:30 बजे मध्य कोलकाता के रेड रोड पर मुख्य समारोह शुरू होगा। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद परेड, झांकियों का प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की भी व्यवस्था की गई है। पूरा कार्यक्रम लगभग एक घंटे तक चलेगा।
इस बीच, हाल के दिनों में आतंकी हमलों की आशंका को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, रेड रोड और उसके आसपास के इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा, आधुनिक निगरानी प्रणाली और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएंगे।
