नईदिल्ली, २७ अक्टूबर : गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत का समुद्री दृष्टिकोण सुरक्षा, स्थिरता और आत्मनिर्भरता पर आधारित है। गृह मंत्री अमित शाह ने आज मुंबई में भारतीय समुद्री सप्ताह के उद्घाटन कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में किए गए व्यापक संरचनात्मक सुधारों से भारत एक मजबूत समुद्री शक्ति के रूप में सामने आया है। निवेशकों के लिए भारत की समुद्री क्षमता पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश में 7,500 किलोमीटर लंबी तटरेखा, 13 तटीय राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं तथा 23 लाख 70 हजार वर्ग किलोमीटर का एक विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी रणनीतिक समुद्री स्थिति, लोकतांत्रिक स्थिरता और मजबूत नौसैनिक क्षमताओं के कारण हिंद-प्रशांत क्षेत्र तथा ग्लोबल साउथ के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करता है।
इस अवसर पर पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारत समुद्री सप्ताह दुनिया के सबसे प्रमुख समुद्री समारोहों में से एक बन गया है। इसमें 85 देशों, 500 से अधिक प्रदर्शकों और 40 मंचों की भागीदारी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का विषय – महासागरों का एकीकरण, एक समुद्री दृष्टिकोण वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को दर्शाता है। सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि समुद्री क्षेत्र विकसित भारत के सबसे मज़बूत स्तंभों में से एक के रूप में उभर रहा है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि वधावन बंदरगाह को भारत के सबसे बड़े और दुनिया के शीर्ष दस बंदरगाहों में से एक के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने तेज़ी से विकसित हो रहे मज़बूत जहाज निर्माण पारिस्थितिकी तंत्र में निवेश की संभावनाओं पर भी ज़ोर दिया।
उद्घाटन समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर भी उपस्थित रहें।
