Crime : मेरठ में परीक्षा देने विद्यार्थियों की स्कूटी से मोबाइल चोरी, थाने का घेराव

मेरठ, 06 जून (हि.स.)। सदर बाजार थाना क्षेत्र के सेंट जॉन्स स्कूल में परीक्षा देने आए विद्यार्थियों की स्कूटी का लॉक तोड़कर मोबाइल चोरी कर लिये। इसके विरोध में विद्यार्थियों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। इसके बाद थाने का घेराव करके नारेबाजी की। पुलिस ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

वेस्ट एंड रोड स्थित एमपीएस स्कूल के छात्रों का परीक्षा केंद्र सेंट जॉन्स स्कूल में है। सोमवार को फाइन आर्ट्स की परीक्षा देने के लिए विद्यार्थी अपने परीक्षा केंद्र पहुंचेे। देरी से परीक्षा केंद्र पहुंचने के कारण विद्यार्थियों को अपनी स्कूटी स्कूल के बाहर ही खड़ी करनी पड़ी। अधिकांश विद्यार्थियों ने अपने जरूरी सामान और मोबाइल स्कूटी में ही रख दिए। उसी दौरान बदमाशों ने लगभग 15 स्कूटी की डिग्गी का लॉक तोड़कर मोबाइल चोरी कर लिये। परीक्षा देकर लौटने पर विद्यार्थियों को इसका पता चला तो उन्होंने हंगामा कर दिया। पार्किंग संचालक ने भी कोई जानकारी होेने से इनकार कर दिया। इसके बाद गुस्साए विद्यार्थियों ने सदर बाजार थाने का घेराव किया और हंगामा किया। छात्रों ने कहा कि पार्किंग संचालक की मिलीभगत के बिना डिग्गी से मोबाइल चोरी नहीं हो सकते। स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से यह घटना हुई है। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले की जांच सर्विलांस सेल को सौंपी गई है। जल्दी ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।