Home Minister : शुक्रवार को विक्टोरिया मेमोरियल हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे गृहमंत्री शाह

नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल हॉल में संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम, मुक्ति-मातृका (‘मां के रूप में स्वतंत्रता’) में भाग लेंगे। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुक्ति-मातृका कार्यक्रम में प्रख्यात ओडिसी नर्तकी डोना गांगुली और उनकी मंडली ‘दीक्षा मंजरी’ द्वारा एक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा और प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी, सुरेन्द्र-सौम्यजीत का गायन होगा। भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने, यहां के लोगों के गौरवपूर्ण इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों के स्मरण में मनाए जाने वाले आजादी के अमृत महोत्सव के तहत यह एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है।

यूनेस्को मानवता की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत की सूची में बंगाल की दुर्गा पूजा को शामिल किए जाने और विक्टोरिया मेमोरियल हॉल के वर्ष 2021-22 में मनाए जा रहे शताब्दी वर्ष समारोह की पृष्ठभूमि में यह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह सांस्कृतिक कार्यक्रम शुक्रवार को कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल हॉल के सेंट्रल हॉल में शाम 6 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा।