Mansukh Mandaviya : बीमारियों की पहचान के लिए हर ब्लॉक में लगाए जाएं स्वास्थ्य मेले- डॉ. मनसुख मंडाविया

नई दिल्ली, 05 मई (हि.स.)। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि समय पर बीमारियों की पहचान के लिए हर ब्लॉक में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाना चाहिए। इन स्वास्थ्य मेलों में आयुष्मान भारत कार्ड जारी किया जाना चाहिए। केन्द्र सरकार देशवासियों के लिए हेल्थ सुविधाओं को गुणवत्तापूर्ण, सुगम और किफ़ायती बनाकर एक समान मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया गुजरात के केवड़िया में आयोजित 14 वें केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण परिषद सम्मेलन में बोल रहे थे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सहभागिता और सहकारिता के साथ राज्यों के बेस्ट प्रैक्टिस को एक दूसरे के साथ सांझा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए मजबूत दिशा-निर्देश बनाए और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया। अब कई देश अभी भी चौंका देने वाली अर्थव्यवस्थाओं के साथ कोरोना की लहरों से जूझ रहे हैं। हमने समग्र दृष्टिकोण के माध्यम से तीसरी लहर के दौरान कोरोना को नियंत्रित किया।

डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि कोरोना महामारी से हमने कई सबक सीखे हैं। इस स्वास्थ्य चिंतन शिविर में हमें चिंतन करना है की भविष्य में ऐसी कोई महामारी आए तो उसका सामना कैसे करें? इसके साथ ही राज्यों को हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को सुनिश्चित करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि आज़ादी के अमृतकाल में भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में रोडमैप तैयार करने के मकसद से गुरुवार को गुजरात के केवड़िया में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण परिषद के 14वें सम्मेलन की शुरुआत की गई है। यह सम्मेलन तीन दिनों तक चलेगा।