गोरखपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के बाहर पीएसी के दो जवानों पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपित0 मुर्तजा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मुर्तजा रविवार शाम धारदार हथियार लिए गोरखनाथ मंदिर पर तैनात पीएसी के दो जवानों पर हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद वह सड़कों पर दौड़ता रहा। इस घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गए।
लखनऊ में अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी और अपर पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने सोमवार को पत्रकार वार्ता कर जानकारी दी कि हमलावर व्यक्ति (मुर्तजा) आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए बदनीयती से मंदिर परिसर में घुसने का प्रयास कर रहा था, जिसे पीएसी एवं पुलिस के जवानों ने नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में हमलावर ने पीएसी के दो जवानों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गौरतलब है कि गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर के दक्षिणी द्वार पर रविवार शाम एक युवक ने धार्मिक नारे लगाते हुए मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश की और सुरक्षा में तैनात पीएसी के दो आरक्षियों को धारदार हथियार से घायल कर दिया। सुरक्षाकर्मियों द्वारा पकड़ने की कोशिश में वह व्यक्ति भी घायल हो गया। गोरखनाथ मंदिर नाथ संप्रदाय की सर्वोच्च पीठ है और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पीठ के महंत हैं।
