मुंबई, 04 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय रेलवे राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे ने सोमवार को कहा कि राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ चुनावी गठबंधन परप्रांतीय मुद्दा छोड़ने के बाद ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वे राज ठाकरे से मुलाकात करेंगे। इसी तरह का व्यक्तव पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने देते हुए कहा कि राज ठाकरे से हमारे पुराने संबंध हैं और वे भी राज ठाकरे से मुलाकात करेंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को दादर स्थित राज ठाकरे के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद महाराष्ट्र में भाजपा-मनसे के बीच चुनावी गठबंधन होने की जोरदार चर्चा होने लगी है। इसी मुद्दे पर मंत्री रावसाहेब दानवे ने कहा कि राज ठाकरे का परप्रांतीय मुद्दा भाजपा को पसंद नहीं है। जब तक राज ठाकरे परप्रांतीय मुद्दे को नहीं छोड़ते हैं, उनसे चुनावी गठबंधन नहीं किया जा सकता है। राव साहेब दानवे ने कहा कि राज ठाकरे के साथ उनके मधुर संबंध हैं, लेकिन परप्रांतीय मुद्दा भाजपा को मान्य नहीं है। इस मुद्दे पर वे राज ठाकरे से मुलाकात करेंगे।
वहीं, देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राजनीति में कोई भी बात असंभव नहीं है, इसलिए भविष्य में क्या होगा, यह अभी नहीं कहा जा सकता है। बहुत सी बाते हैं, लेकिन अभी से किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फडणवीस ने कहा कि वे खुद राज ठाकरे से मिलेंगे और उसके बाद ही स्थिति साफ होगी।
मनसे प्रवक्ता संदीप देशपांडे का कहना है कि भाजपा तथा मनसे के बीच किसी भी तरह का गठबंधन का प्रस्ताव फिलहाल नहीं है। इससे पहले कांग्रेस-राकांपा के विरोध में शिवसेना लड़ी थी और इस समय साथ मिलकर सरकार चला रही है, इसलिए राजनीति में भविष्य में क्या होगा, इस पर अभी से बातचीत करना ठीक नहीं है।
