Russia Attack Ukraine : अमेरिकी मीडिया में यूक्रेन पर रूस की हमले की खबरें बनी सुर्खियां

लॉस एंजेल्स, 27 फरवरी (हि.स.) अमेरिकी मीडिया में यूक्रेन पर रूस के हमले से जुड़ी खबरें सुर्खियां बटोर रही हैं। अमेरिका और पश्चिमी यूरोप के देशों ने रूस को आर्थिक रूप से पंगु करने के इरादे से रूसी बैंकों पर स्विफ्ट के माध्यम से लेनदेन पर प्रतिबंध लगा दिया है। माना जा रहा है कि इससे रूस के बैंकों को विश्व के लगभग 200 देशों के साथ व्यापार करने और स्विफ्ट के जरिए मुद्रा के विनिमय में बाधा खड़ी होगी।

दूसरी ओर, पूर्वी यूरोपीय देशों ने यूक्रेन शरणार्थियों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। यूक्रेन के सीमावर्ती पूर्वी यूरोपीय देशों पोलैंड, रोमानिया, हंगरी और मोलदोवान ने यूक्रेन शरणार्थियों के लिए सीमा पर व्यवस्था करनी शुरू कर दी है। पिछले एक सप्ताह में डेढ़ लाख लोग यूक्रेन छोड़कर सीमावर्ती देशों में शरण ले चुके हैं। इन शरणार्थियों में ज्यादातर बुजुर्ग और महिलाओं के अलावा बच्चे हैं। यूक्रेन के युवक और युवतियां अपने देश की सुरक्षा के लिए सैन्य मोर्चों पर चले गए हैं।

उल्लेखनीय है कि यह वही देश हैं जिसने पिछले वर्षों में मुस्लिम देश सीरिया और अफगानिस्तान के शरणार्थियों को अपने देश में प्रवेश करने पर रोक लगा दी थी। इन देशों में आ रहे शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग भी आर्थिक सहयोग और मानवीय सहायता में जुट गया है।

अमेरिका में रूस की चौतरफा आलोचना हो रही है। अमेरिकी सिने जगत के महानायक सोन पेन (61) ने यूक्रेन पर रूसी अतिक्रमण की कड़ी निंदा की है। सोन पेन जेम्स बांड सीरीज के मुख्य कलाकार रहे हैं । यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के मामले में हॉलीबुड एक डाक्यूमेंट्री तैयार करने की योजना पर काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *