तेजपुर केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राष्ट्रपति

शोणितपुर (असम), 26 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द अपने तीन दिवसीय असम दौरे के दूसरे दिन शनिवार को शोणितपुर जिला मुख्यालय शहर स्थित तेजपुर केंद्रीय विश्वविद्यालय के 19वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी सविता कोविन्द भी थीं। राष्ट्रपति ने आज सुबह कोइनाधारा में एक पौधा भी रोपा।

इससे पहले शुक्रवार को गुवाहाटी के पांजाबारी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में वीर लाचित बोरफूकन की 400वीं जयंती पर वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रम का शुभारंभ किया था। आज सुबह राष्ट्रपति गुवाहाटी से हेलीकाप्टर के जरिए तेजपुर पहुंचे। दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के बाद राष्ट्रपति तेजपुर से काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के लिए रवाना होंगे।

राष्ट्रपति 27 फरवरी की सुबह 05.50 बजे से 07.50 बजे तक काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में हाथी सफारी करेंगे। राष्ट्रपति की लैंडिंग के लिए बोकाखात के सार्वजनिक मैदान एक अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है।

दीक्षांत समारोह में राज्यपाल जगदीश मुखी और प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि तेजपुर केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना असम समझौते के तहत की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *