International Shivratri Festival Mandi : मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2 मार्च से

मंडी (हिमाचल प्रदेश), 26 फरवरी (हि.स.)। छोटी काशी के रूप में विख्यात मंडी का सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2 मार्च को शुरू होगा। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। वह 2 मार्च को प्रथम जलेब में भी शामिल होंगे। यह जानकारी शनिवार को उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने मीडिया को दी।

उन्होंने मीडिया के माध्यम से सभी लोगों को शिवरात्रि मेले का न्यूंद्रा दिया। उन्होंने कहा कि मध्य जलेब पांच मार्च को निकाली जाएगी। तीसरी और अंतिम जलेब में 8 मार्च को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर शामिल होंगे। वो समापन समारोह के मुख्यातिथि होंगे।

अरिंदम चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन ने देवताओं के नजराने और देवलुओं के मानदेय में बढ़ोतरी का प्रस्ताव मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा है। इस बार मेला समिति को पड्डल मैदान से कुल 2 करोड़ 9 लाख 98 हजार 198 रुपये की आय हुई है। यह आय पहले के मुकाबले करीबन 15 लाख रुपये अधिक है।

उपायुक्त ने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी 216 पंजीकृत देवी-देवताओं को महोत्सव में आमंत्रित किया गया है। मंडी आने वाले देवी देवताओं, कारदारों और देवलुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। इस बार धाम का आयोजन यू ब्लॉक की बजाय भीमाकाली सभागार में रहेगा।

चौधरी ने बताया कि मेले में इस बार 6 की बजाय 7 सांस्कृतिक संध्या होंगी। सातवीं संध्या देश के शहीदों को समर्पित होगी। इसमें शहीदों के परिवार के सदस्यों के अलावा सैनिक परिवारों को विशेष तौर से बुलाया जाएगा। इसका आयोजन 8 मार्च को सेरी मंच पर किया जाएगा। बाकी सांस्कृतिक संध्या पड्डल में होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *