अब चपरासियों के घर पर भी पड़ेगा केंद्रीय एजेंसियों का छापा: संजय राऊत

मुंबई, 25 फरवरी (हि. स.)। शिवसेना प्रवक्ता तथा राज्यसभा सदस्य संजय राऊत ने कहा कि मुंबई नगर निगम का चुनाव नजदीक आ रहा है, इसलिए अब चपरासियों के घर भी केंद्रीय एजेंसियों का छापा पडऩे वाला है। उन्होंने कहा कि कई चपरासी शिवसेना कार्यकर्ता भी है, इसलिए शिवसेना को बदनाम करने के लिए उनपर भी झूठे मामले दर्ज किए जा सकते हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)पर डर्टी पालिटिक्स करने का आरोप लगाया है।

संजय राऊत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2024 तक इस तरह केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती रहेगी और शिवसेना को इस ज्यादती को सहने के अतिरिक्त कोई रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के बाद सौ फीसदी केंद्रीय सत्ता में बदलाव होगा और इस तरह ज्यादती खत्म हो जाएगी। संजय राऊत ने कहा कि भाजपा इस तरह की ज्यादती पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ , झारखंड, पंजाब आदि राज्यों में कर रही है, इसका कारण वहां गैर भाजपा सरकार है। केंद्रीय जांच एजेंसियां सिर्फ गैर भाजपा लोगों को अपना निशाना बना रही है। अधिकारियों को भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार नजर ही नहीं आ रहे हैं। ऐसा आभास करवाया जा रहा है कि सभी भाजपा नेता दूध के धूले हैं, इन्होंने कहीं भी भ्रष्टाचार नहीं किया है। भाजपा नेता गलत काम कर ,भ्रष्टाचार कर गंगा में नहा रहे हैं, जिससे गंगा भी मैली हो गई है। संजय राऊत ने कहा कि वर्ष 2024 के बाद यही अधिकारी भाजपा के भ्रष्ट नेताओं के घर छापा मारने जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *