BJP Join : कांग्रेस के वाराणसी महानगर उपाध्यक्ष राजू भारती भाजपा में शामिल

वाराणसी, 24 फरवरी (हि.स.)। पिछले 30 सालों तक कांग्रेस में सक्रिय रहे कार्यकर्ता महानगर उपाध्यक्ष राजू भारती अपने दर्जनों साथियों के साथ गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गये। नीचीबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री और शहर दक्षिणी के प्रत्याशी डॉ नीलकंठ तिवारी ने राजू भारती और उनके साथ आये कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्रम पहना माल्यार्पण कर स्वागत किया और दल में शामिल कराया।

इस दौरान राजू भारती ने कहा कि जब पूरा विश्व, शहर दक्षिणी में बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर के विस्तारित भव्य स्वरूप को देखने के लिए उत्सुक है। शहर दक्षिणी में कराए गए विकास कार्य बोल रहे हैं। राजू भारती ने दक्षिणी विधानसभा के मतदाताओं से आह्वान किया कि पार्टी के प्रत्याशी डॉ नीलकंठ तिवारी को सेवा का मौका दे। कार्यक्रम में महानगर मीडिया प्रभारी किशोर कुमार सेठ, टी एस जोशी, आत्मा विशेश्वर, लालजी गुप्ता, विनोद गुप्ता, आलोक श्रीवास्तव, पार्षद रोहित जायसवाल, नलिन नयन मिश्र आदि पार्टी के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।