Brijlal : भाजपा ही अनुसूचित वर्ग की सच्ची हितैषी : बृजलाल

देवरिया, 23 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा द्वारा देवरिया विधानसभा प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी के समर्थन में सिरजम खास दलित बस्ती में चौपाल का आयोजन किया गया। प्रदेश के पूर्व डीजीपी एवं राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने कहा कि बसपा ने अनुसूचित वर्ग के लोगों को ठगने का कार्य किया है। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी माफियाओं को माननीय बनाती है। पिछली सपा सरकार में आतंकवादियों के मुकदमे वापस होते थे। गुंडे समानांतर सरकार चलाते थे। भाजपा ही अनुसूचित वर्ग की सच्ची हितैषी है।

पूर्व डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक सपा सरकार में दलितों का उत्पीड़न हुआ है। प्रदेश में जब-जब समाजवादी पार्टी की सरकार रही है गुंडों, माफियाओं, आतंकवादियों पर मेहरबानी की गई है। बहुजन समाज पार्टी भी केवल दलित की हितैषी होने का ढोंग रचती है। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार में भी दलितों के साथ न्याय नहीं होता है। बहन मायावती से कोई तभी मुलाकात कर सकता है जब उसके पास पैसा हो।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को कभी सम्मान नहीं दिया। भारत रत्न से लेकर बाबा साहब को जो भी सम्मान मिला वह भारतीय जनता पार्टी द्वारा ही दिया गया। भाजपा समाज के हर वर्ग के चेहरे पर खुशी लाने के लिए कार्य करती है। प्रदेश व देश में भाजपा सरकार समाज के दबे कुचले हर वर्ग के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। इस दौरान अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष राजन सोनकर, रामप्यारे, आदित्य पासवान, संजय सिंह, अम्बिकेश पाण्डेय, रोहित कुमार, संजय कुमार, रामजनम प्रसाद, शिवानंद प्रसाद आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *