Laxmikant Bajpai : मूर्ति विसर्जन के दौरान दंगा के समय सरकार किसकी थी: लक्ष्मीकांत वाजपेयी

अयोध्या, 22 फरवरी (हि.स.)। अयोध्या विधानसभा स्थित पूरा ब्लाक के पुरसाये में भाजपा प्रत्याशी व विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी सपा पर जमकर बरसे। उन्होंने तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए विपक्ष का घेराव किया। कहा कि 2012 में मूर्ति विसर्जन के दौरान यहां दंगा हुआ था, तो सरकार किसकी थी। उस समय का जनप्रतिनिधि किसके साथ खड़ा हुआ था। आपको रामनगरी को भव्य व सुन्दरतम नगरी बनाने वाली सरकार चाहिए या रामभक्तों पर गोली चलाने वाली।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। यहां के एक मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कारसेवकों पर गोली नहीं चलवाता तो समाज का एक वर्ग नाराज हो जाता। तो ये लोग उसी वर्ग से जाकर वोट मांगे। रामभक्तों के यहां वोट मांगने क्यों आते हैं। 2019 में बीएसपी की चुनावी सभा के दौरान कहा गया था कि देश के मुसलमानों एक हो जाओ। आपके वोट की जरुरत किसे नहीं है और किसको है यह बताने यहां आया हूं।

उन्होंने कहा कि बचपन से नारा लगाते थे कि जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है। धारा 370, 35ए को हटाकर इसे भारत का वास्तविक अंग बनाने का काम किसने किया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश से आज राममंदिर बन रहा है। परन्तु नरेन्द्र मोदी की पार्टी व विहिप के कार्यकर्ता इसके लिए दिन रात लगे रहते थे। आज सरकार कश्मीरी पंडितों को स्थापित कर रही है। आपको इन्हें स्थापित करने वाला नेता चाहिए या भगाने वाला। कृष्णानंद राय हत्यारोपी के लड़के को टिकट देकर सपा ने यह साबित किया है कि आपके वोट की जरुरत उसे नहीं है। क्या वह ब्राहमण नहीं थे। साम्प्रदायिक सौहार्द बताकर कचेहरी बम विस्फोट के आतंकियों का मुकदमा वापसी के लिए प्रार्थना पत्र किसने दिया था। क्या इससे साम्प्रदायिक सौहार्द होता। सपा ने 2017 के घोषणापत्र में लिखा था कि वह मुस्लिम युवकों के मुकदमों को वापस लेंगे। सपा की सरकार ने जब केवल कब्रिस्तान के लिए पैसा दिया तो उनसे पूछा था कि मृत्यु के बाद वह कहां जायेंगे। सरकार 700 धर्मस्थलों का विकास कर रही है। सपा अपने घर को ही सम्हाल नहीं पा रही है। उनके समधी व पुत्रबधू भाजपा का प्रचार कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इस बार सरकार बनने के बाद होली दिवाली सिलेण्डर मुफ्त, 60 वर्ष से अधिक की महिलाओं को बस में फ्री यात्रा, विधवा पेंशन 1500, हर चौखट पर नौकरी या रोजगार का अवसर प्रदान किया जायेगा। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में अयोध्या का विकास रहा है। यहां पर्यटन बढ़ाने के लिए सरकार ने योजनाओं की श्रंखलाएं प्रदान की है। जिससे रोजगार सृजन होगा। सभा को लक्ष्मण किला पीठाधीश्वर मैथलीरमण शरण, महंत गिरीश पति त्रिपाठी, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष डाॅ बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह रोहित, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि शिवेन्द्र सिंह ने सम्बोधित किया। समापन मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *